home page

गगरेट में भाजपा को राहत, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर माने

 | 

ऊना, 27 मार्च (हि. स.)। कांग्रेस के बागी विधायक को भाजपा का टिकट मिलने के बाद गगरेट भाजपा में उपजे विवाद में भाजपा के पूर्व विधायक राजेश ठाकुर ने बड़ी दरियादिली दिखाई है। पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा सचिव राजेश ठाकुर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र गगरेट में हो रहे उपचुनाव में पार्टी हाईकमान द्वारा प्रत्याशी चयन को लेकर लिए गए निर्णय को वह सहर्ष स्वीकार करते हैं। उनके लिए पार्टी सर्वोपरि है। उनके लिए पद नहीं बल्कि पार्टी श्रेष्ठ है। उनका लक्ष्य कमल खिलाना है और भाजपा के करिश्माई नेता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनते देखना उनका सपना है।

उन्होंने कहा कि वह वीरवार को भंजाल में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में रखे गए स्वागत समारोह में भी शिरकत करेंगे और कमल खिलाने के लिए दिन-रात एक करेंगे।

राजेश ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह विधायक भी बनेंगे। वह भाजपा के एक छोटे से कार्यकर्ता थे और पार्टी ने उन्हें वहां से उठाकर विधानसभा तक पहुंचा दिया। यही नहीं बल्कि उन्हें संगठन में काम करने का मौका दिया और प्रदेश भाजपा में उन्हें सचिव पद से नवाजा गया।

अयोध्या में लंगर लगाने के लिए उनकी काबलियत पर भरोसा किया गया और उन्हें इस लंगर का इंचार्ज बनाया गया। जिसके माध्यम से वह एक माह से अधिक समय तक अयोध्या जी में लंगर की सेवा कर पाए। उन्होंने अन्य पांच विधानसभा क्षेत्रों, जहां उपचुनाव हो रहे हैं वहां के वरिष्ठ भाजपा नेताओं से भी आग्रह किया है कि पार्टी हाईकमान के निर्णय को सहर्ष स्वीकार करें। पार्टी ने उन्हें विधायक बनने का मौका दिया तो कई तो कैबिनेट मंत्री तक रहे। इतना मान सम्मान मिलने के बाद पार्टी से ही विद्रोह करना तर्कसंगत नहीं है। भाजपा का मूलमंत्र ही त्याग व समर्पण है।

हिन्दुस्थान समाचार/विकास/सुनील