रजिस्ट्रेशन फीस में चार गुना बढ़ोतरी पर प्रवक्ता संघ ने जताई नाराजगी, 11वीं में दोबारा फीस वसूली का किया विरोध
ऊना, 02 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना ने स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन फीस में की गई चार गुना बढ़ोतरी पर नाराजगी जताई है। संघ के जिला अध्यक्ष शशि सैनी एवं महासचिव संजीव कुमार ने जारी बयान में कहा कि पहले रजिस्ट्रेशन फीस केवल नौवीं कक्षा में ली जाती थी, जो 50 रुपए थी, लेकिन अब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इसे सीधे बढ़ाकर 200 रुपए कर दिया है। इसके साथ ही 11वीं कक्षा में विद्यार्थियों से दोबारा रजिस्ट्रेशन फीस लेने का निर्णय भी लिया गया है, जो सरासर अनुचित है।
उन्होंने कहा कि फीस में इस तरह की बढ़ोतरी से विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ेगा। संघ ने बोर्ड से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा आयोजित वार्षिक परीक्षाओं का अध्यापकों ने सफलतापूर्वक संचालन करवाया और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी किया, लेकिन उनके मानदेय का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। इससे भी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पिछले वर्ष मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाओं का मानदेय भी अभी तक लंबित है।
संघ ने सरकार और शिक्षा बोर्ड से अध्यापकों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है। प्रवक्ता संघ ने प्रदेश में 100 नए सीबीएसई स्कूल बनाए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऊना जिला में जिन सरकारी स्कूलों को सीबीएसई के अधीन किया गया है, उनमें से अधिकांश स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में कमी आई है। ऐसे में सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए तथा एचपी बोर्ड के अधीन चल रहे स्कूलों में खाली पड़े अध्यापकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में अध्यापकों की नियुक्ति होने से सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
संघ ने प्रदेश सरकार से कर्मचारियों के लंबित डीए और पे-कमीशन एरियर का भुगतान भी जल्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हिमाचल के कर्मचारी पहले ही केंद्रीय कर्मचारियों से करीब 15 प्रतिशत डीए के मामले में पीछे चल रहे हैं। ऐसे में लंबित देय राशि का भुगतान न होने से कर्मचारियों में रोष है। संघ ने सरकार से कर्मचारियों के हित में लंबित डीए तथा पे-कमीशन एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

