home page

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सुनीं जनसमस्याएं,अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

 | 
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सुनीं जनसमस्याएं,अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश


ऊना, 26 जुलाई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को व्यावसायिक प्रोत्साहन केंद्र, गोंदपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक मामले का निर्धारित समय के भीतर निपटारा किया जाए।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुलिंदर पाल कौर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उपमुख्यमंत्री के साथ चर्चा की तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने अपनी समस्याएं और मांगें उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उपमुख्यमंत्री ने अधिकांश मामलों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल