हिमाचल के उद्योगपति ने बद्रीनाथ मंदिर को दिए एक करोड़ एक लाख का दान
ऊना, 24 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल के प्रख्यात उद्योगपति एवं दानवीर डॉक्टर महिंद्र शर्मा ने विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बद्रीनाथ केदारनाथ धाम को एक करोड़ एक लाख का दान दिया है। उन्होंने इस राशि का चेक विधिवत रूप से केदार नाथ मन्दिर परिसर में बद्री नाथ केदार नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को प्रदान किया।
उन्होंने यह धनराशि पावन बद्रीनाथ और केदार नाथ के मंदिरों में श्रद्धालुओं को अति आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए दान दी ताकि सीमित सीजन में पूरे भारत वर्ष और विदेशों से आने वाले करोड़ों हिन्दुओं को ठहरने, भोजन और यात्रा के दौरान हर सम्भव सुविधाएं प्रदान की जा सकें।डॉक्टर महिंद्र शर्मा जो की बद्रीनाथ केदार नाथ मंदिर समिति के सदस्य भी हैं ने इससे पहले वर्ष 2018 में लगभग तीन करोड़ रुपए की लागत से केदार नाथ मन्दिर के गर्भगृह में चांदी का आवरण लगा कर पूरे परिसर को सुसज्जित किया था।
केदार नाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान की गिनती में पारदर्शिता लाने के लिए हिमाचल के प्रसिद्ध उद्योगपति महिन्दर शर्मा द्वारा वर्ष 2023 में एक ग्लास हाउस दान किया गया है जोकि मन्दिर परिसर में स्थापित कर दिया गया है। इस ग्लास हाउस के निर्माण में उच्च गुणबत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है ताकि यह केदारनाथ धाम में सर्दियों में शून्य से पचास डिग्री नीचे तक के तापमान पर भी क्रैक न हो और सर्दियों और गर्मियों में तापमान में भिन्नता को आसानी से सहन कर सके।
महिंद्र शर्मा पावन वैष्णो देवी मंदिर में जुलाई 2024 से हर गुरुवार को तारकोट में पूरा दिन अटूट लंगर चलाते हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में माता वैष्णो देवी में दरबार में भव्य दुर्गा भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रूपये दान किया हैं ताकि श्रद्धालुओं को अति आधुनिक सुविधाएँ मिल सकें। उन्होंने अपने पैतृक जिला ऊना में प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के मंदिर के गर्भ गृह को चांदी के आवरण से सुसज्जित करने के लिए लगभग तीन करोड़ रुपए दान दिए थे। बद्री नाथ केदार नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भारी धनराशि दान देने के लिए समाजसेवी महिंद्र शर्मा का समिति और श्रद्धालुओं की ओर से आभार जताया और धन्यवाद दिया और कहा की यह बाकि उद्योगपतियों को दान और धार्मिक कार्यों के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति दान राशि का श्रद्धालुओं की सुविधाएं विकसित करने के लिए उपयोग करेगी।
डॉक्टर महिन्द्र शर्मा एएनएस कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबन्ध निदेशक हैं। उनकी कम्पनी रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और हॉस्पिटैलिटी में अग्रणी मानी जाती है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को कार्यन्वित किया है। 61 वर्षीय डाॅ. महिंद्र शर्मा ऊना जिले के बढेड़ा राजपूतां से संबंध रखते हैं। विज्ञान में स्नातक, एमबीए और डाक्टरेट की डिग्री ग्रहण कर चुके समाजसेवी डाॅ. महिन्द्र शर्मा को जनसेवा विरासत में मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

