मोडिफाई किया वाहन पलटा, दादी–पोते की मौत
ऊना, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी-पोते की मौत हो गई। जबकि परिवार के अन्य छह अन्य सदस्य घायल हो गए। जिनमें से एक गम्भीर घायल को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य एक तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक रेहड़ी पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
मृतकों की पहचान अखिल उम्र करीब तीन साल और उसकी दादी जिलो कुमारी (65) पत्नी लाभिया, निवासी जिला कपूरथला पंजाब के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घायलों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे में घायल सभी आठ लोगों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जिलो कुमारी और मासूम अखिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल एक महिला के सिर में फ्रैक्चर होने के चलते उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में किया गया।
वहीं इस संबंध में एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

