home page

झूठे प्रचार से राजनीतिक रोटियां सेंक रही भाजपा : सुक्खू

 | 
झूठे प्रचार से राजनीतिक रोटियां सेंक रही भाजपा : सुक्खू


ऊना, 12 अप्रैल (हि.स.)। ऊना में रविवार को पत्रकारवार्ता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक बार फिर से भाजपा पर हमला बोला है। सीएम ने कहा कि भाजपा देशभर मे झूठा प्रचार करके अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सोशल मीडिया प्लेटफार्म व इन्फलुएंंसर का प्रयोग कर कांग्रेस सरकार व नेताओं की छवि को खराब करने में जुटी हुई है। इसी झूठे प्रचार के बल पर भाजपा हिमाचल में फिर से सत्ता में आने का ख्याब देख रही है, जो कभी पूरा नहीं होगा।

एक प्रश्र के जवाब में सीएम ने कहा कि भाजपा के समय अधिकारी सरकार चलाते थे, जबकि अब वह उपमुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर स्वयं सरकार चला रहे है। अधिकारियों के आपस में मसले रहते है। इन पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। यहां कुछ गलत होगा, वहां पर सरकार उचित कार्रवाई अवश्य करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया तंत्र को कुचलने के लिए भी सरकार पूरी तरह से गंभीर है। इस संबंध में गुंडा एक्ट को भी प्रदेश में लागू किया गया है। काफी हद तक ऐसे तत्वों पर शिकंजा कसा गया है। किसी को भी कानून को अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर दबाव में है। उन्हें अपनी कुर्सी बचाने के लिए जददोजहद करनी पड़ रही है। भाजपा पांच गुटों में विभक्त है। इनमें से कुछ जयराम को हटाना चाहते है। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी रही है। प्रदेश के हितों के लिए भाजपा ने कभी लड़ाई नहीं लड़ी। हिमाचल में आपदाओं का दौर आया, तो भाजपा राजनीति करती रही। लेकिन प्रदेश के हित के लिए केंद्र के समक्ष कभी आवाज नहीं उठाई। 2023 में प्रदेश में भारी प्राकृतिक आपदा में हजारों लोग बेघर हो गए। 75 हजार पर्यटक मनाली में फंस गए, राज्य सरकार ने इन सबके रेस्क्यू के लिए अभियान चलाया।

उन्होंने कहा है करीब 23 हजार से अधिक घर आंशिक व पूरी तरह ध्वस्त हुए थे, उन्हें 7 लाख रुपए तक की मदद दी गई। 2025-26 में पुन: प्रदेश में आपदा में सैकड़ों लोग काल का ग्रास बने। प्रधानमंत्री मोदी धर्मशाला में आए व प्रदेश के लिए 1500 करोड़ राहत पैकेज की घोषणा कर गए, जिसका आज तक इंतजार है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भाजपा के किसी सांसद ने आज तक संसद में आपदा के विषय को नहीं उठाया। प्रदेश की आरडीजी ग्रांट बंद कर दी गई, लेकिन इस मसले को नहीं उठाया गया। जीएसटी लागू होने से प्रदेश को नुकसान हुआ। भाजपा के किसी विधायक में हिम्मत नहीं है कि वह प्रधानमंत्री मोदी के पास जाकर प्रदेश के हित की बात कर सके और राज्य के लिए घोषित राहत राशि जारी करने की मांग कर सके।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय हिमाचल प्रदेश को 47 हजार करोड़ रुपए आरडीजी ग्रांट व 13 हजार करोड़ रुपए जीएसटी कंपनसेशन के रुप में मिला, लेकिन जयराम सरकार ने प्रदेश की संपदा को लुटाया व चुनावी वर्ष में राजनीतिक लाभ के लिए 5 हजार करोड़ रुपए की रेबडिय़ां बांटी।

सुक्खू ने कहा कि जब जयराम सरकार सत्ता में आई थी तो प्रदेश पर 48 हजार करोड़ रुपए का ऋण था, वहीं जब 40 माह पूर्व उनकी सरकार सत्ता में आई तो उन्हें 76633 करोड़ रुपए का ऋण विरासत में मिला। उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों में 10325 करोड़ रुपए ऋण वापिसी व 15931 रुपए ऋण पर ब्याज के रुप में राज्य सरकार को चुकाने पड़े। जिसके लिए प्रदेश को 35542 करोड़ रुपए का ऋण लेना पड़ा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक लाख परिवारों को 300 यूनिट बिजली व उनकी महिलाओं को 15 सौ रुपए भी देने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया। 5 हजार बीघा जमीन मात्र एक करोड़ रुपए में बड़े उद्योगपतियों को दी। जबकि उनकी सरकार ने एक होटल वाइल्ड फ्लावर से ही 400 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया। उन्होंने कहा कि बददी में ऐसे यूनिट लगाए गए, जिससे हिमाचल को आर्थिक लाभ नहीं मिला। उन्होंने बल्क ड्रग पार्क हरोली को प्रदेश की आर्थिकी में बदलाव की महत्वपूर्ण योजना बताया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, विधायक राकेश कालिया, विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल