home page

जनगणना की भ्रांतियों पर ध्यान ना दें: विपिन ठाकुर

 | 
जनगणना की भ्रांतियों पर ध्यान ना दें: विपिन ठाकुर


ऊना, 08 जून (हि.स.)। आगामी जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के उद्देश्य से जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण सोमवार को डीआरडीए हॉल ऊना में शुरू हो गया। तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जनगणना चार्ज ऑफिसर एवं तहसीलदार ऊना विपिन ठाकुर ने किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपिन ठाकुरर ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों एवं प्रवेक्षकों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत करवाते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सही और पूर्ण जानकारी जनगणना में दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे जनगणना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों अथवा भ्रांतियों पर ध्यान न दें तथा जनगणना कर्मियों को सही एवं स्टीक जानकारी उपलब्ध करवाएं।

उन्होंने कहा कि जनगणना से संबंधित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। इसलिए बिना किसी डर के जनगणना कर्मी को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों और प्रवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल