छात्रों के हितों पर राजनीति कर रही कांग्रेस : रजत राणा
ऊना, 24 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष रजत राणा ने कहा कि कांग्रेस और उसकी युवा इकाई छात्रों के हितों की लड़ाई कम और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास अधिक कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में भर्ती घोटाले, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसी घटनाएं आम बात थीं, वे आज नैतिकता का पाठ पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
रजत राणा ने कहा कि भाजपा की नीति पूरी तरह स्पष्ट है। पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कानून के कठघरे में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्पष्ट किया है कि युवाओं का भविष्य और उनका कल्याण सर्वोपरि है। पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को शीघ्र न्याय मिल सके।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने चुनावों के समय 58 वर्ष तक की पक्की नौकरियों का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक प्रदेश के अधिकांश युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
रजत राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार को बताना चाहिए कि चुनावी वादों के अनुरूप कितने युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार केवल अपने करीबी लोगों और रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ लगातार छल किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस से छात्रों और युवाओं के नाम पर राजनीति बंद करने तथा अपने कार्यकाल के भर्ती घोटालों और अधूरे वादों का जवाब देने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

