home page

नान पिटाई मामला: पीड़ित युवक के समर्थन में उतरी भाजयुमो

 | 
नान पिटाई मामला: पीड़ित युवक के समर्थन में उतरी भाजयुमो


ऊना, 06 अगस्त (हि.स.)। जालंधर के बस स्टैंड स्थित एक ढाबे पर भोजन के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बसदेहड़ा निवासी विकास कुमार के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। दो नान का बिल करीब 180 रुपये होने पर ग्राहक और ढाबा संचालक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सड़क पर ही ढाबा संचालक ने ग्राहक की निर्मम पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ और लोग पीड़ित हिमाचली युवक के पक्ष में कमेंट करने लगे।

भाजयुमो ऊना भी पीड़ित युवक के पक्ष में उतरी और गुरुवार शाम को पीड़ित युवक के जालंधर पहुंची। पीड़ित युवक विकास ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत जालंधर के सिटी थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पीड़ित युवक के साथ भाजयुमो अध्यक्ष रजत राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठाई। रजत राणा ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

रजत राणा ने कहा कि पंजाब पुलिस ने शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पिटाई करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार जिला ऊना के गांव बसदेहड़ा निवासी युवक विकास सिंह एक दिन पहले जालंधर के एक ढाबे पर में खाना खाने के लिए रुके थे। जहां विकास ने नान–चने की एक प्लेट ऑर्डर की थी। नान–चने खाने के बाद ढाबा संचालक ने एक प्लेट नान के 180 रुपए मांगे। विकास ने जब तय मूल्य से ज्यादा दाम वसूलने की बात कही तो ढाबा संचालक तैश में आ गया और विकास के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि युवक से नान-छोले की एक प्लेट के बदले तय दाम से अधिक पैसे वसूले गए। ढाबा संचालक एक नान के 90 रुपए वसूल रहा था, जबकि एक नान की आम बाजार में कीमत 30 से 50 रुपये तक हो सकती है। युवक की निर्मम पिटाई की घटना का वीडियो किसी ने बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ढाबा मालिक को युवक निर्मम पिटाई करते हुए साफ़ तौर देखा जा सकता है।जिसे सोशल मीडिया पर आम जनता ने भी ढाबा संचालक की दबंगई बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल