home page

अर्मेनिया से घर लौटे जसवंत का अब एम्स बिलासपुर में होगा उपचार, पुनीत मोदगिल उठाएंगे पूरा खर्च

 | 
अर्मेनिया से घर लौटे जसवंत का अब एम्स बिलासपुर में होगा उपचार, पुनीत मोदगिल उठाएंगे पूरा खर्च


ऊना, 22 अक्टूबर (हि.स.)।अर्मेनिया में जिंदगी की मुश्किलों से जूझने के बाद अपने गांव कुठारबीत लौटे 23 वर्षीय जसवंत राय के बेहतर उपचार होने की उम्मीद जगी है। जसवंत का आगामी उपचार अब एम्स(एआईआईएमएस) बिलासपुर में होगा। गुरुवार को समाजसेवी एवं भाजपा नेता पुनीत मोदगिल की टीम और परिवार के सदस्य जसवंत को लेकर एम्स बिलासपुर पहुंच गए हैं। खास बात यह है कि जसवंत के उपचार का पूरा खर्च पुनीत मोदगिल स्वयं उठाएंगे। इस पहल से लंबे समय से परेशान परिवार को बड़ी राहत मिली है। बीत क्षेत्र के लोगों ने भी समाजसेवी पुनीत मोदगिल के इस कार्य की सराहना करते हुए भगवान से जसवंत के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

गौरतलब है कि हरोली क्षेत्र के गांव कुठारबीत निवासी जसवंत राय 18 अगस्त 2026 को बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद लेकर विदेश में काम करने गए था। लेकिन विदेश में बने विपरीत हालात के कारण उनकी जिंदगी मुश्किलों में घिर गई। जसवंत की हालत को लेकर परिवार चिंतित था और उनके उपचार तथा घर वापसी को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर परिवार की हर संभव आर्थिक सहायता करने की कोशिश की। लेकिन अब समस्या ये हो गई कि अपाहिज जसवंत वहां से अकेला नहीं आ सकता था और वहां से इसका वापिस आना लगभग असंभव ही लग रहा था। जब कोई भी रास्ता नजर नहीं आ रहा था तब जरूरतमंद परिवार के लिए समाजसेवी एवं भाजपा नेता पुनीत मोदगिल फ़रिश्ता बनकर सामने आए। इन्होंने ना केवल जसवंत को घर लाने का वादा किया, बल्कि स्वयं उसे लेने अर्मेनिया पहुंच गए।

दुबई की आईडी होने के कारण उन्हें जल्द ही वहां जाने का वीजा मिला गया ओर वे बिना देरी किए 17 अक्टूबर को अर्मेनिया पहुंच गए। वहां जसवंत को वापस लाने के लिए उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। तमाम मुश्किलों के बीच प्रयास जारी रखते हुए पुनीत मोदगिल 21 अक्टूबर को जसवंत को लेकर भारत लौटे और उन्हें उनके गांव कुठारबीत पहुंचाया। अब जसवंत के बेहतर उपचार के लिए अगला कदम उठाया गया है। गुरुवार को पुनीत मोदगिल की टीम और परिवार के सदस्य उन्हें लेकर एम्स बिलासपुर पहुंचे, जहां उनका उपचार करवाया जाएगा। उपचार का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी पुनीत मोदगिल ने ली है। इससे आर्थिक और मानसिक परेशानियों से गुजर रहे परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

जसवंत की माता जसवीर कौर ने बेटे की घर वापसी और अब उसके उपचार की व्यवस्था में सहयोग करने के लिए पुनीत मोदगिल, उनकी टीम सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया है। परिवार के लिए यह कठिन समय में मिले सहारे से कम नहीं है। अब सभी की निगाहें जसवंत के उपचार और जल्द स्वस्थ होने पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल