अम्ब में सड़क हादसा, प्लस टू के छात्र सहित दो की मौत
ऊना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। अंब-ऊना मार्ग पर कृष्णा नर्सरी के पास मंगलवार रात एचआरटीसी बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत के वाद अभिभावकों पर दुःखो का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतकों की पहचान योगेश कुमार 19 पुत्र राम प्रकाश और अमन भाटिया 17 पुत्र वीरबल, निवासी स्तोथर, तहसील अंब के रूप में हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10:45 बजे कृष्णा नर्सरी के पास ऊना से अंब की ओर आ रही रोड़वेज डिप्पू की बस और अंब से ऊना की तरफ जा रही मोटरसाइकिल के बीच ज़ोरदार तरीके से टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार बस चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस को विपरीत दिशा में ले जाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस मोटरसाइकिल को घसीटते हुए सड़क के दाईं ओर ले गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर एकत्रित लोगों और बस में सवार यात्रियों ने घायलों को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल अस्पताल अंब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बस शिमला से भरमौर जा रही थी। जबकि बाइक सवार मृतक अंब में रामलीला देखने के बाद अपने घर की ओर जा रहे थे।
मृतक अमन प्लस टू में पढ़ता था। जबकि योगेश हाल ही में एक उद्योग में लगा था। दोनों के माता पिता खेतीबाड़ी करते हैं ।
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर बस चालक विचित्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

