home page

स्कूल बस ने कुचली दो सगी बहनें, एक की मौत

 | 

ऊना, 09 मार्च (हि.स.)। ऊना थाना के अंतर्गत आते गांव रैंसरी में अपने स्कूल की बस के नीचे आने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जबकि इसकी बहन गंभीर रूप से घायल हुई है। मृतक बच्ची की पहचान आश्वी (4) पुत्री सुशील शर्मा निवासी रैंसरी के रूप में हुई है। जबकि इसकी बड़ी बहन प्रिशा उम्र छह वर्ष की टांग फ्रैक्चर हो गई है, जिसका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से जानकारी के अनुसार आश्वी और प्रिशा दोनों सगी बहने हैं। दोनों ऊना के एक नामी स्कूल में एलकेजी व यूकेजी की छात्राएं है। आशवी का आज स्कूल का पहला ही दिन था। सुबह माता-पिता ने दोनों बच्चियों को तैयार कर स्कूल भेजा था। स्कूल में पढऩे के बाद आश्वी और प्रिशा स्कूल बस से वापिस घर आ रही थी। स्कूल बस चालक ने रैंसरी में दोनों बच्चियों को उतारा और बस बैक करने लगा। इस दौरान दोनों बहनें इसकी चपेट में आ गई। इस दौरान बच्चियों की चीखो पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों बच्चियों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों का प्राथमिक उपचार शुरु किया। चिकित्सकों ने आश्वी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन पीजीआई पहुंचने से पहले ही आशवी ने दम तोड़ दिया। जबकि प्रिशा का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में ही चल रहा है।

उधर, एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने बस मालिक व चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल