चिंतपूर्णी में कार दुर्घटनाग्रस्त, दो लोगों की जिंदा जलने से मौत
ऊना, 29 अप्रैल (हि.स.)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के समीप भरवाई क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अंब की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 800 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक मृतक की पहचान रजनीश कुमार पुत्र रमेश निवासी लुधियाना के रूप में हुई है, जबकि इसके साथी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हादसे के तुरंत बाद वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि एक व्यक्ति बाहर निकलने की कोशिश में बुरी तरह झुलस गया, जबकि दूसरा कार के भीतर ही जिंदा जल गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और मंदिर ट्रस्ट की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।जानकारी के मुताबिक भरवाई से अंब की ओर जा रही एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 800 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। खाई में गिरते ही वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे हालात और भी भयावह हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार से आग की लपटें उठने लगीं।
बताया जा रहा है कि कार में सवार दो लोग आग की चपेट में आ गए। एक व्यक्ति ने किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वह बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा व्यक्ति कार के अंदर ही फंस गया और जिंदा जल गया। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान लुधियाना के निवासी के रूप में हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में कुल कितने लोग सवार थे। इसको लेकर पुलिस द्वारा जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

