home page

ऊना में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत

 | 

ऊना, 24 फ़रवरी (हि.स.)। उपमंडल गगरेट के संघनई गांव में सोमवार बीती रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार साहिब सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी वार्ड नंबर 4 संघनई स्कूटी पर अपने साथी ईलम दीन पुत्र सुल्तान मुहम्मद निवासी वार्ड नंबर 2 संघनई के साथ जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। जिसको बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस एवं मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल