बंगाणा ने जीता खो-खो का खिताब, चैस में तनोह बना विजेता
ऊना, 04 सितंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टक्का में चल रही बंगाणा खंड की तीन दिवसीय अंडर-19 छात्र स्कूली खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न खेलों में हुए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और मैदान में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा। खो-खो का फाइनल मुकाबला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंदली के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में बंगाणा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और खो-खो का विजेता खिताब अपने नाम किया। वहीं चैस का फाइनल मुकाबला रावमापा धमादरी ओर राजकीय उच्च विद्यालय तनोह के बीच खेला गया, जिसमें तनोह स्कूल विजेता रहा।
कबड्डी के मुकाबलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां ने एकतरफा मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटली को 40-12 के बड़े अंतर से पराजित किया। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टक्का और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुधान के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचकारी रहा। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें बुधान स्कूल ने 41-37 से जीत दर्ज की। बैडमिंटन मुकाबलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बदौली ने डंगोली स्कूल को तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान ने धुंदला स्कूल को पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। रावमापा बंगाणा ने रावमापा टक्का को हराया। वॉलीबाल के मुकाबलों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समूर ने कोटला कलां को, पिपलू ने टक्का को, सरोह ने हटली को तथा मंदली ने धुंदला स्कूल को हराकर शानदार जीत दर्ज की। रावमापा बंगाणा ने रावमापा पिपलू को हराया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैदान में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का समापन तीसरे दिन होगा, जिसमें विभिन्न खेलों के विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान रावमापा टक्का के प्रधानाचार्य बलबिंद्र कुमार और प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

