नारग के दो नन्हे कलाकारों का राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए चयन
नाहन, 16 नवंबर (हि.स.)। पीएम श्री पण्डित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के दो नन्हे कलाकारों का चयन राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए हुआ है।ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली पेंटिंग प्रतियोगिता में इस वर्ष प्रदेश भर के लगभग पांच हज़ार विद्यालयों से तकरीबन 21 हजार बच्चों ने अपनी एंट्रीज दीं और इनमें से दो श्रेणियों में टॉप 50-50 बच्चों का चयन प्रदेश भर से किया गया। जिसमें पीएम श्री विद्यालय नारग के दो बच्चों छठी कक्षा के आराध्य वीर सिंह और नवीं के भूपेंद्र ने अपनी-अपनी श्रेणियों में टॉप 50 में जगह बनाई।
विद्यालय से लगातार सातवें वर्ष बच्चों का इस प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। गत वर्ष इसी विद्यालय की छात्रा प्रियांशी पंवर ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया था।20 नवंबर को शिमला में आयोजित होने जा रही राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में दोनों होनहार अपना दम दिखाएंगे।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जय प्रकाश राही और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने दोनों बच्चों, इनके अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी और आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

