home page

लंबे समय से फरार दो उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

 | 
लंबे समय से फरार दो उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार


शिमला, 28 जून (हि.स.)। शिमला पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स) की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी वर्ष 2021 के मारपीट के मामले में जबकि दूसरा वर्ष 2013 के आपराधिक मामले में लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया से बचता हुआ फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार अभियोग संख्या में भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 325 के तहत पुलिस थाना झाकड़ी में तीन जून 2021 को मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में रामपुर के डिबरी गांव निवासी सुनील कुमार (25) लंबे समय से फरार था। न्यायिक प्रक्रिया में उपस्थित न होने पर न्यायालय एसीजेएम रामपुर ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। पुलिस थाना रामपुर और पीओ सेल, पुलिस उपमंडल रामपुर की टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर उसे 27 जून को गांव खुणा से गिरफ्तार कर लिया।

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने वर्ष 2013 के एक पुराने मामले में भी बड़ी सफलता हासिल की। इस केस में भारतीय दंड संहिता की धारा 452, 323, 341, 504, 506 और 34 के तहत 15 अप्रैल 2013 को पुलिस थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में शिमला के ननखड़ी निवासी देविन्द्र शर्मा (45), पुत्र जवाहर लाल लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसे भी उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पुलिस थाना रामपुर और पीओ सेल ने लगातार प्रयासों के बाद उसे भी 27 जून को गांव खुणा से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा