home page

कालाअम्ब में बाइक सवार दो युवक 11.46 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार

 | 
कालाअम्ब में बाइक सवार दो युवक 11.46 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार


नाहन, 08 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के कालाअम्ब में एसटीएफ शिमला की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 11.46 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरियाणा के जिला अंबाला के रहने वाले हैं। अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 नवंबर को एसटीएफ शिमला की टीम कालाअम्ब क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मोटरसाइकिल नंबर HR02AJ4689 (होंडा फीनिक्स) पर सवार दो व्यक्ति नशे की खेप लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 11.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गगनदीप (32) निवासी बेरखेड़ी माजरा, तहसील नारायणगढ़ और सन्नी कुमार (30) निवासी सकरपुरा, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कालाअम्ब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर