माजरा में दो अलग-अलग सड़क हादसे, दो घायल
नाहन, 13 सितंबर (हि.स.)। पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत दो अलग-अलग सड़क हादसों में मामले दर्ज किए गए हैं।पहले मामले में पुलिस थाना माजरा में साजिद अली पुत्र राजुदीन निवासी गांव मेलियों, डाक माजरा, तहसील पांवटा साहिब ने मामला दर्ज करवाया कि 6 सितंबर को शाम करीब 7 बजे जब वह कपड़े की दुकान से छुट्टी कर अपने घर मेलियों जा रहा था। तभी पीछे से धौलाकुआं की तरफ से सोनालिका ट्रैक्टर आया जो बहुत तेज रफ्तार में था और आगे जा रहे व्यक्ति को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बेहोशी की हालत में उसे एंबुलेंस द्वारा सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन चोटें ज्यादा होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान सुलेमान पुत्र स्व. कंवर अली निवासी मेलियों के रूप में हुई। ट्रैक्टर चालक का नाम नितेश कुमार निवासी धौलाकुआं है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना माजरा में विनोद कुमार पुत्र पूर्ण सिंह निवासी गांव व डाक पुरुवाला-कांशीपुर ने मामला दर्ज करवाया कि 12 सितंबर शाम को वह कमल की दुकान पर सामान लेने आया था और दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान दुकान की ओर से एक महिला पैदल सड़क पार कर रही थी तो पांवटा की ओर से मोटर साइकिल नंबर HP17J-1859 बड़ी तेज रफ्तार से आया और पैदल सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। टक्कर से महिला सड़क पर गिर गई और घायल हो गई। मोटर साइकिल चालक की पहचान जितेंद्र पुत्र नीम चंद के रूप में हुई जो थोड़ी देर बाद मोटर साइकिल लेकर पुरुवाला की ओर भाग गया। घायल महिला ने अपना नाम साबरा पत्नी इस्फाख निवासी गोपीवाला, बिजनौर, यूपी बताया। पुलिस ने मोटर साइकिल चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर अन्वेषण जारी किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

