home page

चंडीगढ़ से आ रही कार से 7.21 ग्राम चिट्टा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
चंडीगढ़ से आ रही कार से 7.21 ग्राम चिट्टा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


नाहन, 26 जून (हि.स.)। सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से रेणुका जी की ओर जा रही एक अल्टो कार से 7.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन सेल की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं और चिट्टा लेकर क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वर्षा शालिका, लोहारड़ी के समीप नाकाबंदी कर अल्टो कार (एचपी-71-1726) को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों युवकों के कब्जे से 7.21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान गौरव ठाकुर और देविन्दर शर्मा, निवासी ददाहु, जिला सिरमौर के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर