कालाआंब में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
नाहन, 20 सितंबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के कालाआंब थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मेन थाप्पल निवासी सतीश कुमार ने थाना कालाआंब में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे वह अपनी दुकान से निजी सामान लेने के लिए पैदल त्रिलोकपुर रोड की ओर गए थे। जब वह त्रिलोकपुर रोड पर जे. एलॉय कंपनी के गेट के सामने पहुंचे, उसी दौरान त्रिलोकपुर की तरफ से एक अशोक लेलैंड ट्रक तेज रफ्तार से गलत दिशा में आया।
शिकायत के अनुसार ट्रक ने कालाआंब से त्रिलोकपुर की ओर अपनी सही दिशा में जा रही मोटरसाइकिल संख्या HP18C-9363 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रक मोटरसाइकिल सवार को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
हादसे में ज्ञान सिंह (44) पुत्र बलदेव सिंह निवासी सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा और सुरदीप कुमार (38) पुत्र राम ईश्वर निवासी सांडा डम्बर, डाक मोतीपुर, अंचल मुजफ्फरपुर, बिहार की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक संख्या HR58B-0167 के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

