home page

त्रिलोकपुर में महानवमी पर दीपों से जगमगाएगा ऐतिहासिक शिव सरोवर

 | 

नाहन, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले के दौरान आज महानवमी की संध्या पर एक विशेष और दिव्य आयोजन होने जा रहा है। मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक शिव तालाब (शिव सरोवर) में आज शाम भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूरा तालाब क्षेत्र दीपों की रोशनी से दीपावली की तरह जगमगा उठेगा।

मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए एसडीएम नाहन राजीव सांख्यन ने बताया कि प्रथम नवरात्रि की आरती की सफलता के बाद अब महानवमी की पूर्व संध्या पर शिव तालाब में यह भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे इस पावन आरती में सम्मिलित होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करें।

एसडीएम राजीव सांख्यन ने मंदिर न्यास की आय के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस बार श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दान किया है। अब तक मंदिर को नकद रूप में 1 करोड़ 13 लाख 15 हजार 690 रुपये प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त 14 किलो 175 ग्राम चांदी और 43 ग्राम सोना भी माता के चरणों में अर्पित किया गया है।

इस बार त्रिलोकपुर मेले में प्रशासन द्वारा शुरू की गई नौका विहार की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण बनी हुई है, जिससे अब तक लगभग 2 लाख रुपये की आय हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, कल 25 मार्च तक लगभग 1 लाख 90 हजार 500 श्रद्धालु माता के दरबार में शीश नवा चुके हैं। आज अष्टमी और महानवमी के अवसर पर भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर