home page

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सुक्खू और जयराम ने दी श्रद्धांजलि

 | 
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सुक्खू और जयराम ने दी श्रद्धांजलि


शिमला, 16 अगस्त (हि.स.)। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा विधायक बलबीर वर्मा, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने एक राजनेता के साथ-साथ पत्रकार, लेखक, कवि और प्रखर वक्ता के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि अटल जी आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन करोड़ों देशवासियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के निर्माण और देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण के समय अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद अटल बिहारी वाजपेयी ने साहसिक निर्णय लिया था, जिसे देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को अटल जी की बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उनके अनुसार हिमाचल प्रदेश में बनी करीब 42 हजार किलोमीटर सड़कों में लगभग 23 हजार 500 किलोमीटर सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव था और मनाली को वह अपना दूसरा घर मानते थे।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज उनकी आठवीं पुण्यतिथि है। उन्होंने कहा कि अटल जी का हिमाचल प्रदेश से गहरा जुड़ाव था और वह अक्सर यहां समय बिताने के लिए आते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सभी को साथ लेकर चलने की राजनीति में विश्वास करते थे। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और उनकी कार्यशैली हमेशा याद रखी जाएगी।

इस दौरान योग गुरु बाबा रामदेव के उस बयान को लेकर भी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई, जिसमें उन्होंने देश में 90 प्रतिशत भ्रष्टाचार होने की बात कही थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि भ्रष्टाचार की स्थिति उतनी व्यापक होगी, जितना आंकड़ा बताया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राज्यों में ऐसी स्थिति हो सकती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का पूरी तरह समाप्त होना जरूरी है और बाबा रामदेव की भावना भी इसी दिशा में है।

वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बाबा रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि बाबा रामदेव ने ऐसी टिप्पणी की है तो उन्होंने किसी आधार पर ही यह बात कही होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पेपर लीक करने और पेपर बेचने वाले लोग आज भी जेल में हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। सुक्खू ने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तब पुलिस भर्ती और तत्कालीन कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े पेपर लीक के मामले सामने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि बाबा रामदेव भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें इस मुद्दे पर आंदोलन भी चलाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा