home page

हिमाचल में कई चिकित्सा अधिकारियों के तबादले, एक को मिली पदोन्नति

 | 
हिमाचल में कई चिकित्सा अधिकारियों के तबादले, एक को मिली पदोन्नति


शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कई चिकित्सा अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इनमें विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत चिकित्सा अधिकारियों को रिक्त पदों के विरुद्ध नई तैनाती दी गई है। कुछ अधिकारियों की पहले जारी तैनाती के आदेशों में संशोधन भी किया गया है। इसके अलावा एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार को पदोन्नत कर सहायक प्रोफेसर बनाया गया है।

विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार डॉ. जगजीत सिंह पठानिया को नागरिक अस्पताल सलूणी, जिला चंबा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा, जिला कांगड़ा में रिक्त पद पर भेजा गया है। डॉ. चंद्र वीर (कम्युनिटी मेडिसिन), जिनका पहले नागरिक अस्पताल रोहड़ू, जिला शिमला में तबादला किया गया था, उन्हें अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर के कार्यालय में जिला कार्यक्रम अधिकारी के रूप में समायोजित किया गया है।

इसी तरह डॉ. श्वेता शर्मा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माहोरी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बन्नी, जिला शिमला में रिक्त पद पर तैनात किया गया है। डॉ. रेवा ठाकुर का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छम्यार, जिला मंडी से नागरिक अस्पताल रत्ती, जिला मंडी में तबादला किया गया है। यह तबादला डॉ. प्रतिमा चौधरी के साथ आपसी सहमति (म्यूचुअल आधार) पर किया गया है।

डॉ. मनोज कुमार (न्यूक्लियर मेडिसिन) को नागरिक अस्पताल सुजानपुर, जिला हमीरपुर से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। वहीं, डॉ. प्रियंका शर्मा (सर्जरी), जिन्हें पहले नागरिक अस्पताल भरमौर, जिला चंबा में तैनाती दी गई थी, उनके आदेश संशोधित कर अब नागरिक अस्पताल गगरेट, जिला ऊना में समायोजन किया गया है।

विभाग ने डॉ. प्रवर्तिका (ओबीजी) की तैनाती में भी बदलाव किया है। उन्हें पहले नागरिक अस्पताल किल्लाड़, जिला चंबा भेजा गया था। संशोधित आदेशों के अनुसार अब उन्हें नागरिक अस्पताल डाडासीबा, जिला कांगड़ा में रिक्त पद पर तैनात किया गया है।

एक अन्य आदेश में विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन कुमार को मेडिकल कॉलेज चंबा में नियमित आधार पर सहायक प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत किया गया है। उन्हें आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा