home page

हिमाचल में आईपीएस अधिकारियों के तबादले, संजीव गांधी और जहूर हैदर जैदी को मिली तैनाती

 | 

शिमला, 24 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने चार आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इन तबादलों में सबसे अहम नियुक्ति संजीव कुमार गांधी की मानी जा रही है, जिन्हें डीआईजी ट्रैफिक, टूरिस्ट एंड रेलवे, शिमला नियुक्त किया गया है। वे पहले शिमला के एसपी रह चुके हैं और जिले में कानून-व्यवस्था तथा ट्रैफिक प्रबंधन के अनुभव के कारण इस जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सरकार के आदेश के अनुसार संजीव कुमार गांधी फिलहाल कार्मिक विभाग में तैनाती का इंतजार कर रहे थे। अब उन्हें शिमला में ट्रैफिक, पर्यटन और रेलवे से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजधानी और पर्यटन दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है।

वहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एस जहूर हैदर जैदी को पुलिस अकादमी ट्रेनिंग एंड रिसर्च, शिमला में इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के पद पर तैनाती दी गई है। जैदी हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद दोबारा ड्यूटी पर लौटे हैं। वे बहुचर्चित कोटखाई गुड़िया रेप एंड मर्डर केस से जुड़े पुलिस कस्टडी मौत मामले में उम्रकैद की सजा पाए थे, लेकिन हाईकोर्ट ने उनकी सजा पर फिलहाल रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दे दी थी। इसके बाद उन्होंने शिमला स्थित पुलिस मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सेवा दोबारा शुरू की थी। अब सरकार ने उन्हें नई प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंप दी है।

इसके अलावा गुरदेव चंद शर्मा को डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर, शिमला के पद पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे डीआईजी ट्रैफिक, टूरिस्ट एंड रेलवे के पद पर तैनात थे और साथ ही लॉ एंड ऑर्डर का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे। अब उन्हें औपचारिक रूप से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

एक अन्य आदेश में अमित यादव को कांगड़ा जिले के सकोह स्थित द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के साथ ही अशोक रत्न जो कांगड़ा के एसपी के रूप में तैनात हैं और इस बटालियन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, उन्हें इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा