home page

हिमाचल में तीन आईपीएस अधिकारी बदले, डीआईजी संजीव गांधी को कार्मिक विभाग में भेज़ा

 | 
हिमाचल में तीन आईपीएस अधिकारी बदले, डीआईजी संजीव गांधी को कार्मिक विभाग में भेज़ा


शिमला, 10 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने तीन आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार गांधी की अगली तैनाती अब कार्मिक विभाग तय करेगा। संजीव गांधी शिमला के एसएसपी रह चुके हैं और इसी साल की शुरुआत में पदोन्नत होकर डीआईजी बने थे।

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार संजीव कुमार गांधी शिमला में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), ट्रैफिक, टूरिस्ट एवं रेलवे के पद पर तैनात थे। अब उनकी सेवाएं हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग को सौंप दी गई हैं। इसका मतलब है कि उनकी अगली तैनाती का फैसला कार्मिक विभाग करेगा।

संजीव गांधी को डीआईजी पद पर पदोन्नति के बाद इससे पहले भी कार्मिक विभाग के तहत भेजा गया था। इसके बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें ट्रैफिक, टूरिस्ट एवं रेलवे की जिम्मेदारी दी गई थी।

सरकार ने 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी मयंक चौधरी का भी तबादला किया है। मयंक चौधरी पुलिस मुख्यालय, शिमला में पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) के पद पर तैनात थे। उन्हें अब कांगड़ा जिले के सकोह स्थित दूसरी भारतीय रिजर्व बटालियन का कमांडेंट नियुक्त किया गया है।

इसी बैच के आईपीएस अधिकारी अमित यादव को दूसरी भारतीय रिजर्व बटालियन, सकोह के कमांडेंट पद से हटाकर शिमला में साइबर क्राइम (सीआईडी) का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा