एचएएस अधिकारी छवि नान्टा को हिमाचल लोकसेवा आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार
शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर दो बदलाव किए हैं। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में अतिरिक्त सचिव एचएएस अधिकारी छवि नान्टा को सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, हमीरपुर जिले में सहायक आयुक्त (विकास)-कम-खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात एचएएस अधिकारी रजत चौधरी का भोरंज तबादला आदेश रद्द कर दिया गया है।
इसे लेकर सरकार की तरफ से अलग-अलग अधिसूचना जारी हुई है। इसके अनुसार छवि नान्टा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी। इस आदेश के साथ ही भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग की निदेशक और हिमाचल प्रदेश कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी की सचिव रीमा कश्यप को लोक सेवा आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभालने की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
वहीं, दूसरी अधिसूचना में सरकार ने एचएएस अधिकारी रजत चौधरी के तबादले से संबंधित आदेश रद्द कर दिया है। चौधरी वर्तमान में हमीरपुर जिले में सहायक आयुक्त (विकास)-कम-खंड विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनका इसी पद पर हमीरपुर जिले के भोरंज में तबादला किया गया था। यह तबादला आदेश 14 नवंबर, 2026 को जारी किया गया था। अब सरकार ने इस आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

