home page

दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं में उपभोक्ता अधिकारों और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 

मंडी, 07 अगस्त (हि.स.)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण, क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली द्वारा मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित ड्रीम्ज कॉलेज ऑफ फार्मेसी में दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं में टैरिफ और बिलिंग विषय पर उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं से संबंधित उनके अधिकारों, उपलब्ध सुविधाओं तथा उपभोक्ता संरक्षण के विभिन्न प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के साथ-साथ ट्राई में पंजीकृत उपभोक्ता संगठनों के सदस्यों तथा विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर साइबर हाइजीन पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध संचार और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, ट्राई डीएनडी और ट्राई माय स्पीड ऐप की उपयोगिता एवं प्रमुख विशेषताओं के बारे में भी प्रतिभागियों को जानकारी दी गई। उन्हें अनचाहे व्यावसायिक संचार से बचाव तथा इसकी शिकायत के लिए उपलब्ध डिजिटल माध्यमों के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिभागियों ने ट्राई डीएनडी ऐप डाउनलोड किया। यह अनचाहे व्यावसायिक संचार के विरुद्ध सक्रिय कदम उठाने और डिजिटल उपभोक्ता जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में प्रतिभागियों की सकारात्मक भागीदारी को दर्शाता है।

इस अवसर पर ट्राई के संयुक्त सलाहकार राजेश त्रिपाठी, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी सुशील कुमार बंसल तथा सुरेश के.वी. ने दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं में उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं को टैरिफ एवं बिलिंग की प्रक्रिया, सेवाओं के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा