home page

शिमला में ट्रैफिक से निपटने के लिए 19 हुई बाइक पेट्रोलिंग टीमें

 | 
शिमला में ट्रैफिक से निपटने के लिए 19 हुई बाइक पेट्रोलिंग टीमें


शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। पहाड़ी शहर शिमला में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सर्दियों की चुनौतियों को देखते हुए जिला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को मजबूत करने का कदम उठाया है। शहर में मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग राइडरों की संख्या 7 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि संकरी और ढलानदार सड़कों वाले इस शहर में बाइक टीमें ज्यादा तेजी से काम कर सकती हैं।

शिमला की सड़कों की बनावट ऐसी है कि कई इलाकों में बड़े वाहन तुरंत नहीं पहुंच पाते। जाम की स्थिति में हालात जल्दी बिगड़ते हैं। इसे देखते हुए शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है, जिससे हर क्षेत्र में मोबाइल पेट्रोलिंग प्रभावी ढंग से की जा सके।

सर्कुलर रोड (कार्ट रोड), संजौली, छोटा शिमला, पंथाघाटी, विकास नगर, कुसुम्पटी, तारा देवी, लक्कड़ बाजार और विक्ट्री टनल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में इन बाइक टीमों को तैनात किया गया है। ये वे क्षेत्र हैं जहां स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों की आवाजाही भी अधिक रहती है और अक्सर जाम की समस्या सामने आती है।

पुलिस के मुताबिक इन बाइक इकाइयों का मुख्य काम ट्रैफिक जाम को जल्दी खुलवाना, सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर नजर रखना और एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता साफ कराना है। यदि किसी वाहन में खराबी आ जाती है या किसी व्यक्ति को रास्ते में परेशानी होती है, तो ये टीमें मौके पर पहुंचकर सहायता भी देंगी।

शिमला जिला पुलिस ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का सहयोग करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम आवाजाही बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा