यातायात प्लान बार-बार बदलने से मंडी शहर में लग रहा है जाम, पुराने सुकेती पुल से भेजे जा रहे हैं वाहन
मंडी, 05 नवंबर (हि.स.)। छोटी काशी मंडी शहर में पिछले कुछ दिनों से यातायात पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयोग लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। पुलिस जब तब नेशनल हाइवे से आईटीआई के पास से यातायात को नए सुकेती पुल की तरह से रोक कर पुराने सुकेती पुल पुराने कालेज रोड़ के तंग रास्ते से भेजना शुरू कर देती है। इससे जहां मंडी सुंदरनगर नेशनल हाइवे पर मीलों तक जाम लग रहा है क्योंकि पुराने सुकेती पुल के पास वाहनों को शहर की ओर आने के लिए सुंदरनगर की ओर से आ रहे वाहन रूक रहे हैं वहीं मंडी शहर में वाहन चलते नहीं बल्कि रेंगते नजर आते हैं। जब भी नए पुल से वाहनों की आवाजाही दोनों ओर से खोल दी जाती है तभी कुछ ही पलों में यह यातायात व्यवस्था सामान्य हो जाती है।
लोगों के अनुसार मंडी पुलिस यदि लोगों को जानबूझ कर ऐसा करके तंग कर रही है तो यह सब समझ से परे है। जब नया पुल चौड़ा व दो तरफा वाहन चलने लायक है तो बार बार यह शहर को जाम का दर्द देने वाला पुल क्यों दे रही है। यह ठीक है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना पुलिस का काम है मगर यह साफ तौर पर देखा गया है कि जब भी नए सुकती पुल से होकर आने जाने की व्यवस्था रहती है तो कभी जाम नहीं लगता। अब लोगों को मंडी पुलिस का गणित समझ नहीं आ रहा है। हां इसमें सबसे रोचक पहलू यह है कि यह व्यवस्था सिर्फ आम आदमी के लिए है, इस दौरान पुलिस के सभी तरह के वाहन व छोटे बड़े वीआईपी के वाहन दनदनाते हुए नए पुल से ही भेज दिए जाते हैं जो एक तरह से आम जनता के मुंह पर तमाचा और वीआईपी संस्कृति को प्रोत्साहित करना ही लोगों की नजर में रहता है। यातायात पुलिस की लचर व्यवस्था के चलते गुरूवार को भी पिछले कुछ दिनों की तरह पांच घंटे तक शहर ही नहीं शहर को जोड़ते नेशनल हाइवे भी भयंकर जाम में रहे तथा लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

