मंडी जिला इंटक : श्रम कानूनों और मनरेगा को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
मंडी, 29 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष वाई.पी. कपूर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में संगठन की मजबूती के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा करने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार किया गया। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष वाई.पी. कपूर ने संगठन की गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से नई नियुक्तियां कीं। उन्होंने सोहन सिंह ठाकुर को धर्मपुर ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अतिरिक्त, चेत राम (गांव मनवाणा) को मुख्य संगठन सचिव जिला मंडी और टेक चंद राणा को जिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कपूर ने विश्वास जताया कि इन नियुक्तियों से जमीनी स्तर पर श्रमिकों की आवाज और बुलंद होगी।
संगठन के भीतर की स्थिति स्पष्ट करते हुए वाई.पी. कपूर ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने डॉ. संजीव रेड्डी की अध्यक्षता वाली इंटक को ही वास्तविक और वैध संगठन माना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सोनिया गांधी ने भी इस निर्णय को अपनी स्वीकृति और अनुमोदन दिया है। इसके साथ ही, उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि इंटक की विधिवत मीटिंग बुलाई जाए, क्योंकि तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद अभी तक कोई आधिकारिक बैठक आयोजित नहीं की गई है।
बैठक में जिला महामंत्री नरेश कुमार शर्मा ने सरकार के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संगठन अपनी अगली रणनीति सरकार के व्यवहार को देखकर तय करेगा। वाई.पी. कपूर ने केंद्र सरकार द्वारा 21 नवंबर 2025 से लागू किए गए 29 पुराने केंद्रीय श्रम कानूनों में बदलाव का कड़ा विरोध किया। उन्होंने मांग की कि आगामी मई दिवस श्रमिक दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार इन कानूनों को वापस लेकर श्रमिकों को एक बड़ा तोहफा दें। इंटक ने मनरेगा कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

