शिमला में बढ़ी सैलानियों की आमद, होटलों की ऑक्यूपेंसी 75% पहुंची
शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। हिल स्टेशन शिमला में इस सप्ताहांत पर्यटकों की भारी आमद ने पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दे दी है। तीन से चार दिन की लगातार छुट्टियों खासकर 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। आम तौर पर विंटर सीजन के दौरान वीकेंड पर शांत नजर आने वाला शिमला इस बार पर्यटकों की भीड़ से पैक नजर आया।
सैलानियों की आमद बढ़ने से शहर में कई जगह जाम की स्थिति भी बन रही है। खासतौर पर शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिमला के प्रवेश द्वार आईएसबीटी बाईपास पर वाहनों की कतारें लग रही हैं। इसके अलावा कालका-शिमला हैरिटेज रेल ट्रैक पर शिमला आने वाली सभी ट्रेन पैक होकर आ रही हैं।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा असर होटल कारोबार पर पड़ा है। शिमला के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 75 प्रतिशत तक पहुंच गई है। होटल कारोबारियों के अनुसार पिछले वीकेंड के मुकाबले इस बार पर्यटकों की संख्या में करीब 25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, जिससे कारोबार में भी तेजी आई है।
शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस सप्ताहांत पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है। उनका मानना है कि जैसे-जैसे मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे शिमला में सैलानियों की संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समर सीजन को लेकर पर्यटन कारोबारियों में उम्मीद जगी है और अभी से एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है।
पर्यटन विभाग के अनुसार भी स्थिति उत्साहजनक है। पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि विभाग ने आगामी सीजन को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस सप्ताह भी अच्छी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है और आगे भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि होटलों में एडवांस बुकिंग में 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि शिमला में आधिकारिक तौर पर पर्यटन सीजन की शुरुआत 15 अप्रैल से मानी जाती है, जो 15 जुलाई तक चलता है। ऐसे में सीजन शुरू होने से पहले ही पर्यटकों की बढ़ती आमद पर्यटन कारोबार के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

