शिमला में बढ़ी सैलानियों की आमद, कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे की ट्रेनें भी पैक
शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। पहाड़ों की रानी शिमला में इस वीकेंड सैलानियों की आमद में साफ बढ़ोतरी देखने को मिली है। देश के मैदानी इलाकों में बढ़ रही तपिश के बीच यहां के ठंडे सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। समर पर्यटन सीजन आधिकारिक रूप से 15 अप्रैल से शुरू होना है, लेकिन उससे पहले ही शहर के पर्यटन कारोबार में रौनक लौटने लगी है।
इस वीकेंड के दौरान रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की चहल-पहल देखी जा रही है। परिवारों के साथ घूमने आए पर्यटक मौसम का आनंद ले रहे हैं। बाहरी राज्यों में स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने के कारण भी लोगों ने शिमला का रुख करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा विदेशी सैलानियों के समूह भी इन दिनों शिमला पहुंच रहे हैं।
होटल कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार इस वीकेंड पर शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी पहले के मुकाबले बेहतर रही है। शिमला होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने शनिवार को बताया कि इस वीकेंड शिमला के होटलों में कमरों की ऑक्यूपेंसी करीब 60 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो पिछले दिनों की तुलना में अधिक है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम भी इन दिनों सैलानियों के लिए अनुकूल बना हुआ है। शिमला में बीच-बीच में बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बनी हुई है। इसी कारण पर्यटक यहां का रुख कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
इस बीच कालका-शिमला हेरिटेज़ रेल ट्रैक पर भी पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है। कालका से शिमला आने वाली अधिकतर ट्रेनें एडवांस में पैक चल रही हैं और कई ट्रेनों में 15 अप्रैल तक वेटिंग चल रही है। पिछले दो दिनों से कालका से शिमला आने वाली मिक्स अप-डाउन ट्रेन भी पूरी तरह भरी हुई पहुंचीं। कुछ पर्यटक सामान्य डिब्बों में टिकट लेकर खड़े-खड़े सफर करने के बाद भी शिमला पहुंचे।
दरअसल, कम किराया और पहाड़ों के खूबसूरत दृश्यों का आनंद लेने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक रेल मार्ग को प्राथमिकता दे रहे हैं।
कालका-शिमला रेल मार्ग अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए खास पहचान रखता है। यह रेल लाइन 103 सुरंगों और सैकड़ों छोटे-बड़े पुलों से होकर गुजरती है। इससे सफर यादगार बन जाता है।
रेलवे ट्रैक पर चलने वाली हिमालयन क्वीन, शिवालिक डीलक्स और अन्य ट्रेनों में भी इन दिनों लंबी वेटिंग देखी जा रही है। बंगाल, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

