home page

मंडी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने का दिया संदेश

 | 
मंडी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने का दिया संदेश


मंडी, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभर में आयोजित की जा रही तिरंगा यात्राओं की कड़ी में हिमाचल प्रदेश में भी 8 अगस्त से तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 8 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन यात्राओं का उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि देश की नई पीढ़ी राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को लेकर जागरूक है। भाजपा मंडी जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंडी जिला के सभी संगठनात्मक मंडलों और विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। आज मंडी के साथ-साथ बल्ह विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के अन्य स्थानों पर भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में युवाओं और आम जनता की बढ़-चढ़कर भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होना आवश्यक है। तिरंगा हाथ में लेकर सम्मान के साथ आगे बढ़ना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। निहाल चंद शर्मा ने मंडी जिला के सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता से 15 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रभक्ति के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। इस अवसर पर नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर, डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा, पार्षदगण, पूर्व मेयर वीरेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री करण , राकेश वालिया, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा, जिला उपाध्यक्ष मनीष कपूर सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा