मंडी की थुनाग खड्ड में बहने से एक व्यक्ति की मौत
मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल मुख्यालय थुनाग में बस अड्डे के समीप बहने वाली खड्ड में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को इसकी जानकारी दी। एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा के अनुसार रविवार सुबह करीब पौने 12 बजे खड्ड में शव दिखाई देने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान तुलसी राम पुत्र धर्म सिंह, निवासी गांव थुनाड़ी, तहसील थुनाग के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति खड्ड के तेज बहाव में बह गया होगा, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की फौरी सहायता राशि प्रदान की गई है। एसडीएम ने बताया कि घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

