home page

स्वच्छता की राष्ट्रीय रैंकिंग में चमका शिमला का ठियोग, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

 | 
स्वच्छता की राष्ट्रीय रैंकिंग में चमका शिमला का ठियोग, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित


शिमला, 11 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से शहर ठियोग ने स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर परिषद ठियोग को देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश को सम्मानित किया।

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। प्रदेश के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि पहली बार राष्ट्रपति की उपस्थिति में हिमाचल को यह सम्मान प्रदान किया गया है। ठियोग शहर राजधानी शिमला से 25 किलोमीटर दूर है। यह शिमला जिला का उपमण्डल है।

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यह सम्मान हासिल करने पर कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों के प्रदर्शन में सुधार के लिए लगातार काम किया गया है। सरकार की योजनाओं, विभागीय समन्वय और नियमित निगरानी के परिणामस्वरूप नगर परिषद ठियोग ने यह उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक विभाग या संस्था के प्रयासों का परिणाम नहीं है। इसमें शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों का योगदान रहा है। शहरों में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था बनाने, कचरे के प्रबंधन में सुधार करने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से काम किया गया है। ठियोग की उपलब्धि प्रदेश के अन्य शहरी स्थानीय निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी नगर निकायों को स्वच्छता के बेहतर मानक अपनाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में प्रदेश का प्रदर्शन और बेहतर करना है।

गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से वर्ष 2016 में शुरू किया गया वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन अभियान है। इसके तहत देशभर के शहरी स्थानीय निकायों की स्वच्छता व्यवस्था का आकलन कर उनकी रैंकिंग तय की जाती है। इसका उद्देश्य शहरों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाना और साफ-सफाई तथा ठोस कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा