home page

ब्लास्टिंग के दौरान चट्टानें गिरने से व्यक्ति की मौत मामले में चार गिरफ्तार, लापरवाही का आरोप

 | 
ब्लास्टिंग के दौरान चट्टानें गिरने से व्यक्ति की मौत मामले में चार गिरफ्तार, लापरवाही का आरोप


शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग में सड़क निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग से चट्टानें गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सुरंग में विस्फोट करने से पहले जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए और घटनास्थल के आसपास से गुजर रहे लोगों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार (31) निवास ठियोग, रवि कुमार (31), निवासी सुंदरनगर तथा राकेश कुमार (27) व राजेश कुमार (23) दोनों मूल निवासी नेपाल और वर्तमान में तहसील रामपुर, जिला शिमला के निवासी के रूप में हुई है। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में ठियोग थाने में 18 नवंबर को अभियोग दर्ज किया गया था। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, 106, 105(2) और 3(5) तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई दिनेश कुमार (36) निवासी ठियोग की शिकायत पर की है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर को वह संदेश कुमार (40) निवासी कोटखाई के साथ ऑल्टो कार में गुम्मा से अपने घर की ओर जा रहा था। कार संदेश कुमार चला रहे थे। जब वे च्यू नाला से दो मोड़ ऊपर पहुंचे तो सड़क पर कीचड़ होने के कारण उनकी गाड़ी फंस गई। गाड़ी को निकालने का प्रयास करते हुए दिनेश कुमार ने अपने चाचा जगदीश कलटा को फोन किया और पूछा कि क्या सड़क पर ऊपर की ओर निर्माण कार्य चल रहा है।

दिनेश के अनुसार चाचा ने फोन पर बताया कि उनके स्थान से कुछ ऊपर ब्लास्टिंग की जा रही है। ठेकेदार संदीप चंदेल के कामगारों ने सुरंग में विस्फोट के लिए फ्यूज जला दिया है। उन्होंने दोनों को तुरंत गाड़ी छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने को कहा। इसके बाद दोनों गाड़ी से उतरकर जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान पहाड़ी पर जोरदार विस्फोट हुआ और बड़े-बड़े पत्थर तेजी से नीचे की ओर लुढ़कने लगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार इस दौरान संदेश कुमार गाड़ी के दाईं ओर पीठ के बल गिर गए। उनकी सांसें चल रही थीं, लेकिन वह बोलने की स्थिति में नहीं थे। कुछ समय बाद उन्हें एंबुलेंस से ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायत में हादसे के लिए ठेकेदार संदीप चंदेल और उसके कर्मचारियों की ओर से ब्लास्टिंग के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की आगामी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा