home page

किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने लिए ऐतिहासिक निर्णय: सुनील शर्मा बिट्टू

 | 
किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने लिए ऐतिहासिक निर्णय: सुनील शर्मा बिट्टू


हमीरपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को आईटीआई हमीरपुर में जाइका के तहत हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (एचपीसीडीपी) चरण-2 द्वारा ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रायोजित साढे चार माह के टेलरिंग एंड कटिंग के प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि जाइका की परियोजना के अलावा एचपीशिवा परियोजना, राजीव गांधी प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना और कई अन्य योजनाओं के माध्यम से भी किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है तथा खेती में टैक्नोलॉजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए अलग से उच्च दाम निर्धारित किए गए हैं। दूध के दाम में भी रिकॉर्ड वृद्धि की गई है।

उन्होंने कहा कि एचपीसीडीपी चरण-2 मुख्य रूप से जहां कृषि विकास, सिंचाई और क्षमता निर्माण पर ध्यान केंद्रित करती है, वहीं यह ग्रामीण परिवेश में आजीविका के वैकल्पिक साधनों को भी सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है। इसी के तहत ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रायोजित किया जा रहा टेलरिंग एंड कंटिग कोर्स इन महिलाओं को वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रशिक्षु महिलाओं से इस कोर्स का भरपूर लाभ उठाने तथा अपने लिए स्थायी स्वरोजगार हासिल करके अपने परिवार की आय बढ़ाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा