home page

छोटी काशी मंडी में गूंजायमान हुआ हर-हर महादेव का जयघोष

 | 
छोटी काशी मंडी में गूंजायमान हुआ हर-हर महादेव का जयघोष


मंडी, 06 अप्रैल (हि.स.)। देवभूमि हिमाचल की छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी नगरी में स्थित ऐतिहासिक सेरी मंच ने एक अभूतपूर्व आध्यात्मिक समागम का साक्ष्य प्रस्तुत किया। लगभग 1000 वर्ष पूर्व सोमनाथ के प्रथम ज्योतिर्लिंग पर विदेशी आक्रमणों के दौरान अग्निहोत्री ब्राह्मणों द्वारा अपने प्राणों की आहुति देकर संरक्षित किए गए दिव्य अवशेष पहली बार जन-दर्शन हेतु मंडी पहुंचे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला मुख्यालय मंडी सहित सुंदरनगर, नेरचौक, बालीचौकी, सरकाघाट और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु ज्योतिर्लिंग के पावन दर्शन के लिए उमड़े। संपूर्ण वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वेद मंत्रों के पवित्र उच्चारण के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। श्रद्धालुओं को इन पावन अवशेषों की ऐतिहासिक यात्रा और उनके संरक्षण हेतु किए गए त्याग व संघर्ष की प्रेरणादायक गाथा से अवगत कराया गया।

आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन की मीडिया प्रभारी माया वर्धान ने बताया कि यह भव्य आयोजन आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है, जिसने समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य किया है। कार्यक्रम के आयोजन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक ध्यान और दिव्य सत्संग के माध्यम से आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के पुनर्जागरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा