home page

लोक कलाकारों ने थाची मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में जमाया रंग

 | 
लोक कलाकारों ने थाची मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में जमाया रंग


मंडी, 26 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के बालीचौकी उपमंडल के थाची मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या रंगारंग प्रस्तुतियों से सराबोर रही। स्थानीय एवं सराज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और देर रात तक समां बांधे रखा। इस सांस्कृतिक संध्या में कुर्मदत्त भारती, भाग सिंह, चंपा ठाकुर और टिकम राम कुल्लू सहित दवेन्द्र भारद्वाज व अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक जमकर झूमे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मेला परिसर गूंज उठा।

स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से क्षेत्र की लोक संस्कृति और पहाड़ी संगीत की खूबसूरती को भी मंच पर प्रस्तुत किया। विशेष रूप से पहाड़ी गीतों और लोक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कलाकारों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। थाची मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे। परिवारों और युवाओं ने देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

वहीं यह सांस्कृतिक संध्या स्थानीय कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच भी साबित हुई। कार्यक्रम ने क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ी संगीत को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा