home page

शिमला के पांच प्रमुख मंदिरों की वेबसाइट इसी महीने होंगी लॉन्च, श्रद्धालुओं को मिलेंगी ऑनलाइन सुविधाएं

 | 
शिमला के पांच प्रमुख मंदिरों की वेबसाइट इसी महीने होंगी लॉन्च, श्रद्धालुओं को मिलेंगी ऑनलाइन सुविधाएं


शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के पांच प्रमुख मंदिर जाखू मंदिर, तारादेवी मंदिर, संकटमोचन मंदिर, हाटकोटी मंदिर और भीमा काली मंदिर सराहन जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नजर आएंगे। जिला प्रशासन ने इन मंदिरों की वेबसाइट तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है और लक्ष्य रखा है कि इन्हें इसी महीने शुरू कर दिया जाए। इन वेबसाइटों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिरों से जुड़ी कई सेवाएं घर बैठे उपलब्ध होंगी।

इसी सिलसिले में मंगलवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में वेबसाइट निर्माण की प्रगति, श्रद्धालुओं को दी जाने वाली ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी एजेंसी को निर्देश दिए कि वेबसाइट निर्माण का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए, जिससे इन्हें इसी महीने लॉन्च किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि वेबसाइट शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिरों का इतिहास, धार्मिक महत्व, पूजा और आरती का समय, प्रमुख धार्मिक आयोजनों की जानकारी, ऑनलाइन दान, आरती और विशेष पूजन की बुकिंग जैसी सुविधाएं एक ही मंच पर मिलेंगी। उन्होंने कहा कि वेबसाइट का डिजाइन ऐसा हो, जिसे हर व्यक्ति आसानी से इस्तेमाल कर सके। साथ ही सभी जरूरी जानकारियां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक में वेबसाइटों की सुरक्षा और नियमित अपडेट पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि साइबर सुरक्षा के सभी जरूरी मानकों का पालन किया जाए और वेबसाइटों पर दी जाने वाली जानकारी समय-समय पर अपडेट होती रहे। उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्टों की आय-व्यय का ब्यौरा, संपर्क विवरण, श्रद्धालुओं के लिए शिकायत और सुझाव पोर्टल तथा धार्मिक आयोजनों से जुड़ी ताजा जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाए।

बैठक के दौरान जिला के पांचों मंदिर ट्रस्टों में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि सभी ट्रस्टों में रिक्त पदों के लिए विज्ञापन एक ही दिन जारी किए जाएंगे। इसके लिए मंदिर अधिकारियों को इस सप्ताह सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से श्रद्धालुओं को घर बैठे सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर ट्रस्टों के कामकाज में पारदर्शिता के साथ प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ेगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा