home page

शिक्षक दिवस पर हिमाचल के 26 शिक्षकों को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार

 | 

शिमला, 04 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के 26 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह 5 सितंबर को शिमला स्थित राजभवन में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। राज्यपाल इन शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 की सूची जारी की है। इस सूची में स्कूल स्तर के 21 शिक्षक और कॉलेज कैडर के पांच शिक्षक शामिल हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से कॉलेज वर्ग के चयनित शिक्षकों को लेकर आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की गई है।

स्कूल स्तर पर चयनित 21 शिक्षकों को सामान्य और विशेष श्रेणी में रखा गया है। सामान्य श्रेणी में 15 शिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें कांगड़ा से तिलक राज, किन्नौर से अजय कुमार, किरण कुमार, राकेश कुमार, संजय कुमार नेगी, मनोज कुमार और इंदर प्रकाश शामिल हैं। बिलासपुर से जगदीश कुमार, मंडी से रोहन लाल, हमीरपुर से राकेश सिंह और पूर्णिमा कुमारी, लाहौल-स्पीति से खेचोक जांगपो, शिमला से चमन लाल और लोकिंदर सिंह तथा सिरमौर से शृष्टि शर्मा को भी इस श्रेणी में पुरस्कार के लिए चुना गया है।

विशेष श्रेणी में छह शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें सोलन से रोशनी देवी, शिमला से सरिका आहूजा, बलवंत झौटा और वीरेंद्र चौहान, बिलासपुर से स्नेह लता तथा मंडी से ललित कुमार शामिल हैं।

स्कूल वर्ग में अलग-अलग स्तर के शिक्षक और प्रधानाचार्य शामिल हैं। चयनित शिक्षकों में जेबीटी, सीएचटी, टीजीटी, डीएम, डीपीई, पीईटी, लेक्चरर और प्रधानाचार्य स्तर के शिक्षक शामिल हैं। शिमला के पीएम श्री जीसीपीएस पोर्टमोर, जीएसएसएस सरोग और जुब्बल के थुरल रामलाल गर्ल्स स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स जैसे शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षक भी पुरस्कार के लिए चुने गए हैं।

कॉलेज वर्ग में पांच शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें दो कॉलेज प्रिंसिपल और तीन सहायक एवं एसोसिएट प्रोफेसर शामिल हैं। रामपुर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पंकज बसोतिया और बिलासपुर के जुखाला राजकीय डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. हरबंस लाल शर्मा को राज्य शिक्षक पुरस्कार दिया जाएगा।

फैकल्टी वर्ग में एनएससीबीएम राजकीय डिग्री कॉलेज हमीरपुर में रसायन विज्ञान के सहायक प्रोफेसर डॉ. संजीत सिंह ठाकुर, चंबा राजकीय डिग्री कॉलेज में हिंदी के सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रशांत रमन रवि और नादौन स्थित राजकीय कॉलेज में रसायन विज्ञान के सहायक प्रोफेसर रवि कांत का चयन किया गया है।

राज्य सरकार की ओर से हर वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इस सम्मान के लिए ऐसे शिक्षकों का चयन किया जाता है जिन्होंने शिक्षण कार्य में नए प्रयोग किए हों, विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति विशेष रुचि दिखाई हो और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं दी हों।

शिक्षक दिवस समारोह को लेकर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को राजभवन में तैयारियों का जायजा लिया। राज्यपाल के प्रोटोकॉल के अनुसार समारोह की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा