भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छता को बनाया जन आंदोलन : जगत प्रकाश नड्डा
शिमला, 13 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भारत के संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की सफाई की तथा उन्हें माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को केवल एक सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे देशव्यापी जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व के कारण आज देश का प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के महत्व को समझ रहा है तथा इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश में एक नई सोच का निर्माण किया है। पहले स्वच्छता को लेकर जिस प्रकार की उदासीनता देखने को मिलती थी, वह अब बदल चुकी है। आज समाज के सभी वर्ग, युवा, महिलाएं और आम नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर इस अभियान से जुड़ रहे हैं। यही कारण है कि स्वच्छता अब केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, सामाजिक उत्तरदायित्व बन चुकी है।
जेपी नड्डा ने कहा कि जब भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है तो भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि स्वच्छता अभियान से जुड़कर समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि शिमला प्रवास के दौरान चौड़ा मैदान स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की सफाई करना और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके लिए गौरव का विषय है। बाबा साहेब ने देश को संविधान के रूप में अमूल्य धरोहर प्रदान की और उनके आदर्शों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

