सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन
मंडी, 05 सितंबर (हि.स.)। शहर की मशहूर शैक्षणिक संस्था सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार में शिक्षक दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश मंड्याल द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य गुरुचरण सिंह सहित समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे। कक्षा जमा एक और जमा दो के विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, गीत और प्रेरणादायक भाषणों द्वारा अपने गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया। सभी शिक्षकों ने खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खूब आनंद लिया।
प्रधानाचार्य डॉ उमेश मंडयाल ने कहा कि गुरु के सम्मान का यह पावन दिन भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का मानना था कि शिक्षक वो है जो मस्तिष्क में ज्ञान का दीप जलाता है। उन्हीं के आदर्शों को नमन करते हुए आज एसवीएम में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

