home page

नाहन में नगर परिषद की निगरानी और सफाई अभियान का असर- कूड़े के ‘हॉट स्पॉट’ हुए कम

 | 
नाहन में नगर परिषद की निगरानी और सफाई अभियान का असर- कूड़े के ‘हॉट स्पॉट’ हुए कम


नाहन, 08 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन लंबे समय से एक स्वच्छ और सुंदर धरोहर शहर के रूप में पहचाना जाता रहा है। हालांकि पिछले कुछ समय से शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर लगने की समस्या बढ़ने लगी थी, जिससे सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे थे। नगर के कई स्थान ऐसे बन गए थे जहां नियमित रूप से कूड़ा जमा हो रहा था और ये इलाके कूड़ा ‘हॉट स्पॉट’ के रूप में चिन्हित होने लगे थे।

इस समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद नाहन ने पिछले कुछ समय में कई कदम उठाए हैं। परिषद की ओर से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया और शहर की गलियों तथा मोहल्लों में सफाई वाहनों की व्यवस्था की गई, ताकि लोगों को घर के पास ही कूड़ा देने की सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही नगर परिषद ने उन स्थानों की पहचान की जहां सबसे अधिक कूड़ा जमा हो रहा था। ऐसे स्थानों को कूड़ा हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित कर उनकी नियमित निगरानी शुरू की गई। नगर परिषद का कहना है कि इस व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं और कई स्थानों पर कूड़े की समस्या पहले की तुलना में काफी कम हुई है।

नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए परिषद लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चयनित कूड़ा हॉट स्पॉट पर परिषद के कर्मचारी नियमित निगरानी कर रहे हैं, जिसके चलते इन स्थानों पर सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में रात के समय कूड़ा संग्रहण किया जाता है, ताकि दिन के दौरान सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

संजय कुमार ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर को साफ और सुंदर बनाए रखने में लोगों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। यदि नागरिक निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालें और सफाई व्यवस्था में सहयोग करें तो नाहन की स्वच्छ छवि को और मजबूत किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर