सुनील शर्मा बिट्टू ने मेडिकल कॉलेज के लिए शुरू की इलेक्ट्रिक बस सेवाएं
हमीरपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जोल सप्पड़ में स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज (आरकेजीएमसी) हमीरपुर के नए परिसर के लिए एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस सेवाएं वीरवार से आरंभ हो गई। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरवार काे बस स्टैंड से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर इन सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों एवं विद्यार्थियों तथा आम यात्रियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि यह संस्थान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से सिर्फ हमीरपुर जिला के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए बहुत बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री ने जोल सप्पड़ में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के साथ-साथ अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, डेंटल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान और मातृ-शिशु अस्पताल का प्रावधान भी किया है। आने वाले समय में यह मेडिकल कॉलेज उत्तर भारत के बेहतरीन चिकित्सा एवं मेडिकल शिक्षा संस्थानों के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस संस्थान के विद्यार्थियों, डॉक्टरों, अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों और आम लोगों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवाएं आरंभ कर दी गई हैं। ये बसें हमीरपुर बस स्टैंड से प्रतिदिन सुबह 8ः30 एवं 8ः35 बजे से चलेंगी और लगभग 9 बजे जोल सप्पड़ पहुंचेंगी तथा इससे आगे रंगस चौक तक जाएंगी। शाम को ये बसें जोल सप्पड़ से 4 और 4ः05 बजे चलेंगी तथा लगभग 4ः30 बजे हमीरपुर पहुंचेंगी। उन्होंने इन बस सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर के खोखाधारकों का पुनर्वास सुनिश्चित करके मुख्यमंत्री ने इन्हें बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। जबकि, पिछली सरकार के समय इन खोखाधारकों की दुकानों पर बुलडोजर चलाए गए थे। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर में अब प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा तैयार होने वाला है और वर्तमान बस अड्डे की जगह पर सिटी सेंटर का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है। सिटी सेंटर के कार्य से प्रभावित होने वाले दुकानदारों एवं खोखाधारकों के पुनर्वास के लिए भी मुख्यमंत्री ने विशेष व्यवस्था की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

