शिमला में आज से ग्रीष्मोत्सव का धमाल, शबाब साबरी से जस्सी गिल तक बिखेरेंगे रंग
शिमला, 08 जून (हि.स.)। शिमला की वादियों में आज से फिर उत्सव का रंग चढ़ने जा रहा है। राजधानी का ऐतिहासिक रिज मैदान पांच दिनों तक गीत-संगीत, लोक संस्कृति, खेल प्रतियोगिताओं और रंगारंग कार्यक्रमों से गुलजार रहेगा। 8 से 12 जून तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ आज शाम राज्यपाल कविंद्र गुप्ता करेंगे, जबकि महोत्सव का समापन 12 जून को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगा।
हर साल की तरह इस बार भी समर फेस्टिवल को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह है। जिला प्रशासन के अनुसार इस बार का आयोजन सांस्कृतिक विविधता, लोक कला और मनोरंजन का बड़ा संगम साबित होगा। हिमाचल प्रदेश के करीब 200 कलाकार पांच दिनों तक अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से लोगों को रूबरू करवाएंगे। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक दल भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव के पहले दिन सुबह से ही गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। गेयटी थिएटर में हिंदी कवि सम्मेलन के दो सत्र आयोजित होंगे, जबकि संजौली के नगर निगम मैदान में एंटी चिट्टा अंडर-21 जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज होगा। शाम को जुम्बा डांस, छम्म नृत्य और रंगमंच उत्सव के तहत ‘जेहर’ नाटक का मंचन भी किया जाएगा। फन अट्रैक्शन, फ्लावर शो और स्टेच्यू मैन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
समर फेस्टिवल की सबसे बड़ी पहचान उसकी सांस्कृतिक संध्याएं होती हैं और इस बार भी मंच पर नामी कलाकारों की लंबी फेहरिस्त है। पहली सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड पार्श्व गायक शबाब साबरी अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरी संध्या में बॉलीवुड गायिका ज्योतिका टांगरी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। तीसरी शाम हिमाचल के लोकप्रिय लोक गायक और ‘नाटी किंग’ कुलदीप शर्मा के नाम रहेगी। चौथी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर मंच संभालेंगे, जबकि अंतिम और समापन सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी संगीत जगत के चर्चित कलाकार जस्सी गिल और बब्बल राय अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कई अन्य आकर्षण भी होंगे। तिब्बत प्रदर्शन कला संस्थान और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकार विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे। उत्तराखंड, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और अन्य राज्यों के लोक नृत्य भी लोगों को देखने को मिलेंगे। इसके अलावा आर्ट फेस्टिवल, हेल्थी बेबी शो, माई चैंपियन डॉग शो, श्यामला मंथन, श्यामला मुशायरा, श्यामला कवि गोष्ठी, लाइव बैंड शो, महा नाटी, वॉयस ऑफ माउंटेन, फैशन शो, मलखंभ, शिमला स्वाद महोत्सव, हॉट एयर बैलून शो, हेलीकॉप्टर जॉय राइड, फिल्म फेस्टिवल और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी आयोजित किए जाएंगे।
शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि 9 जून को शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा, 10 जून को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और 11 जून को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सांस्कृतिक संध्याओं में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

