home page

शिमला समर फेस्टिवल में डॉग शो बना आकर्षण का केंद्र, ‘डब्बी’ रहा चैंपियन

 | 
शिमला समर फेस्टिवल में डॉग शो बना आकर्षण का केंद्र, ‘डब्बी’ रहा चैंपियन


शिमला, 10 जून (हि.स.)। शिमला में चल रहे अंतराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव के दौरान ऐतिहासिक मॉल रोड पर बुधवार को कुछ ऐसे प्रतिभागी पहुंचे, जिन्होंने बिना कुछ बोले ही दर्शकों का दिल जीत लिया। अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल के तहत आयोजित डॉग शो में विभिन्न नस्लों के 28 कुत्तों ने अपनी फुर्ती, अनुशासन और विशेष कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान कभी दर्शकों की तालियां गूंजीं तो कभी प्रतिभागियों की अदाओं ने लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। इस रंगारंग मुकाबले का सबसे बड़ा सितारा रहा डब्बी, जिसने शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉग शो का चैंपियन खिताब अपने नाम कर लिया।

समर फेस्टिवल के प्रमुख आकर्षणों में शामिल इस प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों बड़ी, मध्यम और छोटी में आयोजित किया गया। बड़ी श्रेणी में 12, मध्यम श्रेणी में 9 और छोटी श्रेणी में 7 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुत्तों ने अपने प्रशिक्षण, आज्ञाकारिता और कौशल का प्रदर्शन कर निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों को भी प्रभावित किया। पशु प्रेमियों और पर्यटकों की बड़ी संख्या ने इस आयोजन का आनंद लिया।

बड़ी श्रेणी में रघुवीर सूद के कुत्ते डब्बी ने पहला स्थान हासिल किया और बाद में समूची प्रतियोगिता का चैंपियन भी घोषित किया गया। इस श्रेणी में श्वेता शर्मा के कुत्ते बडी को दूसरा और बलविंदर के कुत्ते कोको को तीसरा स्थान मिला। मध्यम श्रेणी में अंकुर के लियो ने पहला, शिल्पा की लैला ने दूसरा और आइवी के कॉफी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं छोटी श्रेणी में डॉ. अंजलि चौहान के टफी ने पहला, रितेश के पफी ने दूसरा और सुरज के जेसी ने तीसरा पुरस्कार जीता।

प्रतियोगिता के विजेताओं को विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा ने सम्मानित किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. नीरज मोहन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा