home page

राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला सम्पन्न, कुलदीप सिंह पठानिया ने की शोभा यात्रा में शिरकत

 | 
राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला सम्पन्न, कुलदीप सिंह पठानिया ने की शोभा यात्रा में शिरकत


मंडी, 27 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर में चैत्र नवरात्रों के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला शुक्रवार को विधिवत सम्पन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। इस अवसर पर उन्होंने महामाया मंदिर में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की तथा महामाया मंदिर से जवाहर पार्क मेला मैदान तक निकली भव्य शोभायात्रा में भाग लिया। नवमी के अवसर पर कृषक प्रशिक्षण केंद्र के कम्युनिटी हॉल में कंजक पूजन भी किया गया। कुलदीप सिंह पठानिया ने मेले के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया और इसे सराहनीय पहल बताया। उन्होंने मेले में पधारे देवी-देवताओं को चादरें व नजराना भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

उन्होंने प्रदेशवासियों को सुकेत देवता मेला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के मेले और त्योहार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन परंपराओं को भावी पीढ़ी के लिए संरक्षित रखना आवश्यक है, क्योंकि यही हमारी पहचान को सशक्त बनाती हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति अपनी सरलता, ईमानदारी और परंपराओं के संरक्षण के लिए पूरे देश में विशेष स्थान रखती है। प्रदेश में वर्षभर मनाए जाने वाले मेले और त्योहार लोगों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

मेले की नशा मुक्त सुंदरनगर थीम की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उन्हें नशे से दूर रखते हुए शिक्षा, खेल एवं सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना हम सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश धर्मचंद चौधरी, पूर्व विधायक तिलक राज, एपीएमसी अध्यक्ष मंडी संजीव गुलेरिया, मिल्क फेडरेशन अध्यक्ष केवल शर्मा, एपीएमसी निदेशक मंडल सदस्य निकुराम सैनी, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा