उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव का शुभारंभ
हमीरपुर, 01 मार्च (हि.स.)। ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर का चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव रविवार को आरंभ हो गया। उत्सव के शुभारंभ अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रविवार शाम को भव्य शोभायात्रा में भाग लेकर तथा ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ इस राष्ट्र स्तरीय उत्सव का शुभारंभ किया।
उपमुख्यमंत्री ने इसके बाद सुजानपुर के चौगान में विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थाओं की प्रदर्शनियों का उदघाटन एवं अवलोकन भी किया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पेयजल योजनाओं पर 134 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
रविवार शाम को यहां चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ करने के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लगभग 24 करोड़ रुपए की लागत से चबूतरा की पेयजल योजना का कार्य जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुजानपुर में बस अड्डे के निर्माण के लिए 7.50 करोड़ रुपए और करोट में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के लिए 13.50 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। सैनिक स्कूल के लिए भी पांच करोड़ और सुजानपुर-संधोल सड़क के लिए 34 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने जोल में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह का निर्माण करने और संधोल-घुमारवीं-चंडीगढ़ बस और टौणी देवी-झनिक्कर- लदरौर- चंडीगढ़ बस सेवा आरंभ करने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर के होली उत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की अधिसूचना शीघ्र ही जारी कर दी जाएगी।
इससे पहले, उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित करके होली उत्सव की प्रथम संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने उत्सव की स्मारिका का विमोचन भी किया और गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने वाली सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की दो एनसीसी कैडेट्स अनुराधा और रुचि ठाकुर तथा मेधावी छात्रा काशवी लोहिया को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्रवासियों को होली की बधाई देने के साथ-साथ क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

